Tuesday, 31 October 2017

बर्फ

मासूमियत की धूल
समझदारी की छुअन से
अक्लमंदी के पत्थरों में बदलकर
आदर्शों का पहाड़ बन जाती है
और संवेदनाएँ इस पहाड़ पर जमी बर्फ

मान-सम्मान के पदचिन्ह समेटे
मर्यादा का कोहरा ओढ़े
बरसों-बरस
पत्थर सी पड़ी रहती है बर्फ
पत्थरों पर

सुनो! सूरज..
इसकी देह पर मलो न
अपने प्रेम की धूप
आकाश के सन्नाटों और
ऊंचाइयों के अकेलेपन को परे धकेल
ये बर्फ बह निकले नदी बनकर

कि मन के मैदान बंजर हुए जाते हैं

No comments:

Post a Comment

कल आज और कल

आज जबकि महीनों तुम्हें बिना देखे गुजर जाते हैं हफ्तों तुम्हारी आवाज़ नहीं सुनाई देती पहरों तुम्हारे पास मेरे लिए कोई शब्द नहीं होते कल के लिए...