धरती और आसमान के बीच
रंगों का एक खेल है जीवन
पहली साँस के साथ
पहली आवाज के साथ
पहली बार खुली पलकों में
समा जाने वाली
सतरंगी किरन
आखिरी साँस तक
रंग भरती रहती है
ज़िन्दगी के लम्हों में
अच्छाइयों के उजले
बुराइयों के रंग गहरे
सुख के चमकीले
दुःख के धुंधले से
खुशियों के रंग धानी
उदासियों के नीले
सपनों के रंग सिंदूरी
उम्मीदों के पीले
हर अभाव का हर प्रभाव का
एक अलग रंग है
हर संवेदना का हर भाव का
एक अलग रंग है
उम्र ओढ़ती रहती है
अनगिनत रंगों की असंख्य परतें
धूप के इन्द्रधनुषी रंग एक दिन
आपस में उलझकर
अंधेरे के रंग में बदल जाते हैं
अमास की रात में
चाँद उगने जैसा अचरज था
इस स्याह सतह पर
किसी और रंग का उभरना
लेकिन मेरे मटमैले मन में
कुमुदनी से खिल उठे तुम
इसी तरह निर्मल निर्दोष
निश्छल बना रहे हमेशा इसलिए
सारे रंगों को धोकर छुआ है मैंने
रोशनी सा उजला तुम्हारा प्रेम
No comments:
Post a Comment